देश भर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 स्पीकर ने दिए व्याख्यान, विद्यार्थियों के लिए नवाचार और रचनात्मकता की भूमिका तैयार

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती की दी शुभकामनाएं

श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में बुधवार को टेड एक्स-2026 का भव्य आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली 16 हस्तियों ने हिस्सा लिया और विद्यार्थियों के साथ रचनात्मक संवाद करते हुए उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया और विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा कि टेड एक्स विद्यार्थियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा बनेगा और उन्हें अपने लक्ष्यों को पहचानने तथा अर्जित करने का आधार प्रदान करेगा। टेड एक्स स्पीकर के रूप में उन्होंने पलवल के छोटे से गांव में अपने जन्म से लेकर कैम्ब्रिज तक के अपनी संघर्ष भरी यात्रा के बारे में बताया। देहात के सामान्य परिवार में जन्मा एक बच्चा अभाव में रहते हुए भी प्रधानमंत्री के हाथों होमी जहाँगीर भाभा जैसा ख्याति प्राप्त पुरस्कार प्राप्त कर सकता है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों के मन में उत्साह जगाया और उन्हें लीक से हट कर काम करने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने कहा कि यह टेड एक्स का मंच विद्यार्थियों के लिए नए विचारों के सृजन का माध्यम बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से सृजनशील बनने का आह्वान किया। पूर्व कुलसचिव एवं डीन प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि हम नाकामियों से भी सीखते हैं और वह अनुभव का आधार बनती हैं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर कुलवंत सिंह ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया और टेड एक्स की प्रस्तावना पर प्रकाश डाला। पैरा शूटर माधवी हंस ने विद्यार्थियों को चुनौतियों से न हारने का पाठ पढ़ाया। स्पीड क्यूबर मनन अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा से सबको चकित कर दिया। कविता एस. ने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। ऋतु इंसान ने संघर्षों को अवसर में बदलने के गुर सिखाए। बिनीता श्रीवास्तव ने नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के लिए प्रोत्साहित किया। कोच संदीप ने अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का महत्व बताया। डिजिटल वेलनेस एडवोकेट खुशाली मेहता ने महत्वपूर्ण बातें बताई। डॉ. दीपक ने ज्ञान, शोध और व्यावहारिक सोच के माध्यम से प्रेरणा दी। प्रख्यात लेखक डॉ. नीरा परितोष ने शिक्षा, संवेदनशीलता और सकारात्मक परिवर्तन पर प्रेरक वक्तव्य दिया। विंक कॉस्मेटिक्स की फाउंडर शिवांगी शर्मा ने नए आईडिया पर चर्चा की। इम्पोर्टर डॉट कॉम के फाउंडर रोहित जैन ने उद्यमिता पर चर्चा की। एसवीएसयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य सतेंद्र कुमार सौरोत ने शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट अनुभव साझा किए। विक्ट्री इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के फाउंडर संजय पोपली ने अनुभव और सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा दी। फैकल्टी कोर्डिनेटर डॉ. मनीष कुमार ने शोध और नवाचार पर अपना वक्तव्य दिया। इस अवसर पर डीन प्रोफेसर आशीष श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रोफेसर एसके गर्ग, प्रोफेसर उषा बत्रा, डॉ. सविता शर्मा, डॉ. संजय राठौर, संशबीर डागर, आयोजक छात्र आयुष आर्य और सह आयोजक प्रिंस सहित काफी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।